पनगोत्रा की चिट्ठी : पति से छिपाकर मायके पैसे भेजना सही या गलत?
कानून, नैतिकता और रिश्तों की कसौटी पर एक जरूरी चर्चा
प्रिय पाठकों,
कुछ दिन पहले मेरे फेसबुक पेज पर एक नौकरीपेशा महिला की पोस्ट पढ़ने को मिली। उसने लिखा—
“शादी के बाद एक दिन मेरे पति को पता चला कि मैं अपने माता-पिता को कुछ पैसे भेजती हूँ। उन्हें यह बात बिल्कुल अच्छी नहीं लगी। उन्होंने मुझसे पूछा, और मैंने सहजता से कहा—’हाँ, भेजती हूँ… तो क्या हुआ?'”
“…तो क्या हुआ?”
पहली नजर में यह एक सामान्य सवाल लगता है, लेकिन वैवाहिक रिश्तों की दृष्टि से इसका अर्थ कहीं अधिक गहरा है। शायद बहुत बड़ा कुछ नहीं हुआ, लेकिन इतना अवश्य हुआ कि पति-पत्नी के रिश्ते की नींव माने जाने वाले विश्वास में एक हल्की-सी दरार पड़ गई। भरोसे की दीवार पर एक महीन निशान उभर आया।
महिला आगे लिखती है—
“उसके बाद सवालों का सिलसिला शुरू हो गया। मैंने बात को बढ़ाना ठीक नहीं समझा और चुप रह गई। लेकिन उस रात नींद मेरी आँखों से कोसों दूर थी।”
ऐसी स्थिति में नींद का उड़ जाना स्वाभाविक है, क्योंकि जब पति-पत्नी के बीच कोई बात छिपाई जाती है, तो सवाल केवल पैसों का नहीं रहता, बल्कि विश्वास का बन जाता है।
प्रिय पाठकों, पति से छिपाकर मायके पैसे भेजना एक ऐसा विषय है, जिसमें कानूनी अधिकार, नैतिक जिम्मेदारी और पारिवारिक संबंध—तीनों जुड़े हुए हैं। इसका उत्तर केवल “हाँ” या “ना” में नहीं दिया जा सकता, क्योंकि हर परिवार की परिस्थितियाँ अलग होती हैं। आइए इसे तीन पहलुओं से समझने का प्रयास करें।
1. कानूनी और आर्थिक अधिकार
कानून की दृष्टि से नौकरीपेशा महिला अपनी कमाई की पूर्ण अधिकारिणी होती है। वह अपनी आय को अपनी इच्छा के अनुसार खर्च कर सकती है या अपने माता-पिता की सहायता भी कर सकती है।
जिस प्रकार एक पुत्र अपनी कमाई से अपने माता-पिता की आर्थिक मदद करता है, उसी प्रकार एक बेटी या विवाहित महिला को भी अपने माता-पिता की सहायता करने का पूरा अधिकार है। इस अधिकार पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
2. रिश्ते का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष—विश्वास
यदि पति से चोरी-छिपे मायके पैसे भेजने की बात सामने आती है, तो असली समस्या पैसे भेजना नहीं, बल्कि “चोरी-छिपे” भेजना है।
विवाह विश्वास और पारदर्शिता पर टिका रिश्ता है। जब कोई बात छिपाई जाती है, तो संदेह जन्म लेता है और संदेह धीरे-धीरे रिश्तों को खोखला करने लगता है। लेकिन यहाँ एक दूसरा पक्ष भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
क्या पति या ससुराल पक्ष इतना कठोर है कि महिला अपने माता-पिता की बीमारी, आर्थिक संकट या किसी वास्तविक जरूरत में भी मदद नहीं कर सकती? क्या वह डर, दबाव या मानसिक असुरक्षा के कारण पैसे भेज रही है?
यदि ऐसा है, तो महिला की मजबूरी को समझना भी आवश्यक है। वहीं यदि बिना किसी विशेष कारण के केवल बात छिपाने की आदत है, तो यह निश्चित रूप से रिश्ते के लिए शुभ संकेत नहीं माना जा सकता।
3. व्यावहारिक संतुलन क्या हो?
सबसे अच्छा रास्ता हमेशा संवाद और पारदर्शिता का होता है। पति-पत्नी यदि मिलकर परिवार का बजट तय करें और दोनों पक्षों—मायके तथा ससुराल—की आवश्यकताओं पर खुलकर चर्चा करें, तो अधिकांश समस्याएँ पैदा ही नहीं होंगी।
यदि मायके की आर्थिक स्थिति सामान्य है और कोई विशेष आवश्यकता नहीं है, तो नियमित रूप से पैसे भेजना उचित नहीं कहा जा सकता। लेकिन यदि माता-पिता वास्तव में कठिनाई में हैं, तो उनकी सहायता करना नैतिक रूप से भी गलत नहीं है।
हाँ, यदि किसी महिला का पति अत्यधिक शंकालु, हिंसक या नियंत्रणकारी स्वभाव का है और वह मजबूरी में अपने माता-पिता की बुनियादी जरूरतें पूरी कर रही है, तो उस परिस्थिति को सामान्य परिस्थितियों से अलग रखकर देखना होगा।
प्रिय पाठकों, आज से लगभग पंद्रह वर्ष पहले की बात है। मैं एक हाई स्कूल में शिक्षक था। वहीं मेरे एक सरदार मित्र भी अध्यापक थे। हमारी मित्रता आज भी उतनी ही मजबूत है। उनकी पत्नी सरकारी अध्यापिका थीं और पदोन्नति के बाद दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र में कार्यरत थीं। विवाह के समय मेरे मित्र निजी कार्य करते थे और उनकी आय पत्नी से कम थी। बाद में उन्हें भी सरकारी शिक्षक की नौकरी मिल गई।
पत्नी दूर तैनात थीं, इसलिए उनका स्थानांतरण घर के पास करवाने के लिए मेरे मित्र दिन-रात प्रयास कर रहे थे। एक दिन मैंने मजाक में पूछा— “इतनी भाग-दौड़ क्यों कर रहे हो?” वे मुस्कराकर बोले— “यार, करूँ भी क्यों नहीं? मैडम हर महीने मुझे पैंतीस हजार रुपये जो देती हैं।”
मैंने हँसते हुए कहा— “हथेली पर तो नहीं रखती होंगी।” इसके बाद उन्होंने जो बताया, उसने मुझे आश्चर्यचकित कर दिया।
उन्होंने कहा— “शादी के कुछ दिन बाद पत्नी ने अपनी बैंक पासबुक मेरे हाथ में रखते हुए कहा—’सरदार जी, आज से मेरी पूरी तनख्वाह आपके हवाले। मुझे जब भी जरूरत होगी, मैं आपसे माँग लूँगी। मुझे भरोसा है कि आप मुझे कभी निराश नहीं करेंगे।'”
मेरे मित्र ने बताया कि विवाह के पच्चीस वर्षों बाद भी उनका जीवन पूरी तरह विश्वास और सुकून से चल रहा है। उन्होंने एक और घटना सुनाई।
एक बार उनकी पत्नी के भाई ने आर्थिक जरूरत के कारण अपनी बहन से कुछ रुपये उधार माँगे। पत्नी ने साफ कहा— “इस बारे में सरदार जी से बात करिए।”
प्रिय पाठकों, मुझे यह बात अविश्वसनीय लगी।
संयोग से कुछ समय बाद उनकी पत्नी का स्थानांतरण हमारे विद्यालय में हो गया। मैंने स्वयं उनसे इस विषय पर बात की। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा— “मास्टर जी, जितनी आज़ादी मैं आज जी रही हूँ, शायद ही किसी नौकरीपेशा विवाहिता को मिली हो। हम अपनी जिम्मेदारियाँ भी बाँटते हैं और खुशियाँ भी।” उनकी बात सुनकर मुझे महसूस हुआ कि विवाह में सबसे बड़ी पूँजी पैसा नहीं, बल्कि विश्वास है।
प्रिय पाठकों, हर परिवार की परिस्थितियाँ अलग होती हैं। इसलिए किसी एक घटना के आधार पर सभी पति या सभी पत्नियों को सही या गलत ठहराना उचित नहीं होगा। लेकिन इतना अवश्य कहा जा सकता है कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि विश्वास, पारदर्शिता और साझेदारी का संबंध है।
जहाँ भरोसा मजबूत होता है, वहाँ पैसों का हिसाब रिश्तों पर हावी नहीं होता। और जहाँ विश्वास कमजोर पड़ जाता है, वहाँ छोटी-सी बात भी बड़ी दरार बन जाती है। मायके की सहायता करना गलत नहीं है, जैसे अपने माता-पिता या ससुराल की सहायता करना भी गलत नहीं है। गलत तब होता है, जब संवाद की जगह छिपाव ले लेता है। यदि पति-पत्नी एक-दूसरे के विश्वासपात्र बन जाएँ, तो न किसी को चोरी-छिपे पैसे भेजने की जरूरत पड़ेगी और न ही किसी को संदेह करने का अवसर मिलेगा।
मेरे सरदार मित्र और उनकी धर्मपत्नी का प्रसंग इसलिए उल्लेखनीय है क्योंकि वहाँ त्याग एकतरफा नहीं था, बल्कि विश्वास दोनों ओर से था।
विश्वास ही वह पूँजी है, जिस पर गृहस्थी की सबसे मजबूत इमारत खड़ी होती है।
पैसा कम या ज्यादा हो सकता है, लेकिन भरोसा एक बार टूट जाए, तो उसे पहले जैसा बनाना आसान नहीं होता। अंत में बस इतना ही कहूँगा— पति हो या पत्नी, अधिकारों से पहले कर्तव्यों का पालन और रिश्तों की गरिमा का सम्मान आवश्यक है। विवाह में जीत किसी एक की नहीं होती, दोनों की होती है; और हार भी दोनों की ही होती है।
चिट्ठी कैसी लगी, अपने विचार कमेंट बॉक्स में अवश्य लिखिए। आपकी असहमति भी उतनी ही स्वागतयोग्य है, जितनी सहमति, क्योंकि स्वस्थ समाज का निर्माण स्वस्थ संवाद से ही होता है।
अगले सप्ताह फिर मिलेंगे, एक नई चिट्ठी, एक नए सामाजिक प्रश्न और नए विचार के साथ।
— केवल कृष्ण पनगोत्रा
स्वतंत्र लेखक-पत्रकार, जम्मू-कश्मीर











सबसे पहले संपादकीय टीम को बधाई कि जनगणदूत समाचार दर्पण काल से ही अपनी अलग शैली और प्रस्तुति के लिए माना जाता है, आज और भी परिष्कृत शैली के साथ नये नये विषयों पर चर्चा करते हुए हमें बहुत जानकारी देते हैं।
पनगोत्रा की चिट्ठी भाग 1 से पढ रही हूँ। निरंतर प्रवाह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ मजेदार तथ्य से रुबरु हो रही हूँ।
“केवल कृष्ण पनगोत्रा जी ने एक अत्यंत संवेदनशील और समकालीन सामाजिक विषय को संतुलित दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया है। लेख की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी एक पक्ष का समर्थन या विरोध करने के बजाय कानून, नैतिकता और वैवाहिक विश्वास—तीनों पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया गया है। पति-पत्नी के रिश्ते में अधिकारों के साथ पारदर्शिता और संवाद की आवश्यकता पर दिया गया संदेश अत्यंत प्रासंगिक है। सरदार दंपति का उदाहरण इस बात को प्रभावशाली ढंग से स्थापित करता है कि गृहस्थ जीवन की सबसे बड़ी पूँजी विश्वास है, न कि धन। यह चिट्ठी केवल पढ़ने के लिए नहीं, बल्कि आत्ममंथन करने के लिए भी प्रेरित करती है। लेखक को इस सार्थक सामाजिक विमर्श के लिए हार्दिक बधाई।”
सम्माननीय मृदुला जी,
भाग- 1 से ही आप मुझे पढ़ रही हैं। यह जान कर संतोष हुआ कि आप सिर्फ मेरे लिए ही नहीं बल्कि समस्त लेखक भाई-बहनों के लिए प्राणवायु का काम कर रही हैं। सार्थक संवाद बना रहे।
हार्दिक आभार
केवल कृष्ण पनगोत्रा जम्मू-कश्मीर से
“पनगोत्रा जी की यह चिट्ठी केवल पति-पत्नी के बीच आर्थिक व्यवहार की चर्चा नहीं करती, बल्कि वैवाहिक रिश्तों की मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक बुनियाद को भी सामने लाती है। एक चिकित्सक होने के नाते मैं देखती हूँ कि पारिवारिक तनाव का सबसे बड़ा कारण अक्सर संवाद की कमी और अविश्वास होता है। लेख में यह स्पष्ट किया गया है कि माता-पिता की सहायता करना किसी भी बेटी का अधिकार और नैतिक दायित्व हो सकता है, लेकिन पति-पत्नी के रिश्ते में पारदर्शिता और आपसी सम्मान बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। किसी एक पक्ष को दोषी ठहराने के बजाय संतुलित दृष्टिकोण अपनाना इस लेख की सबसे बड़ी विशेषता है। ऐसे विचारोत्तेजक सामाजिक लेख समाज में स्वस्थ संवाद को निश्चित रूप से आगे बढ़ाते हैं। लेखक को हार्दिक शुभकामनाएँ।”
आपसी बातचीत से सभी समस्या का हल है