16 अक्टूबर 2026 6:35 अपराह्न

आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को मिला सम्मान, नौनिहालों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई

सलेमपुर और लार में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों का सम्मान, अन्नप्राशन, गोदभराई और पोषण कार्यक्रम की तस्वीरें

सुनने के लिए यहां क्लिक करें

The specified slider id does not exist.

इरफान अली लारी

सलेमपुर। आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों के सम्मान और उनके सेवा कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए मंगलवार को सलेमपुर और लार ब्लॉक सभागार में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान नौनिहालों का अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और स्वस्थ शिशुओं को हेल्दी शिशु का प्रशस्ति पत्र भी दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्रीमती विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां सरकार और समाज के बीच मजबूत कड़ी हैं। गांवों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा तथा मातृ-शिशु कल्याण से जुड़ी योजनाओं को पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी बहनों के प्रयासों का सीधा लाभ गांव के बच्चों और माताओं को मिल रहा है।

आंगनवाड़ी केंद्रों को बनाया जा रहा सुविधायुक्त

राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के साथ बच्चों को बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के साथ केंद्रों के कायाकल्प और पोषाहार वितरण में तकनीकी व्यवस्था जैसे कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र अब केवल पोषाहार वितरण तक सीमित नहीं हैं। इन्हें बच्चों के प्रारंभिक विकास और उनकी मजबूत शैक्षिक नींव तैयार करने के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

पोषण 2.0 के जरिए सेवाओं को मजबूती

लार ब्लॉक सभागार में राज्यमंत्री ने सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। आंगनवाड़ी केंद्रों से पूरक पोषण, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, रेफरल सेवाओं और प्रारंभिक बाल शिक्षा जैसी सुविधाएं जुड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ बचपन की नींव मजबूत करने में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों की भूमिका अहम है। कार्यकर्त्रियां घर-घर संपर्क कर योजनाओं की जानकारी देने के साथ बच्चों और महिलाओं को जरूरी सेवाओं से जोड़ने का काम कर रही हैं।

अन्नप्राशन और गोदभराई ने खींचा ध्यान

कार्यक्रम में नौनिहालों का अन्नप्राशन कराया गया। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म भी हुई। स्वस्थ शिशुओं को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें हेल्दी शिशु का प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों ने पोषण और बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों और माताओं से जुड़ी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्त्रियां सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान बेहतर सेवा देने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वाली कार्यकर्त्रियों ने कहा कि उनके काम को सार्वजनिक रूप से सराहना मिलने से उन्हें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमरेश सिंह, मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव, राजीव वर्मा, अभय सिंह, त्रिपुणायक विश्वकर्मा, निर्मला गौतम, अभिषेक जायसवाल, वचन देव गौड़, धनंजय चतुर्वेदी, अखिलेश योगी, मीडिया प्रभारी राजीव मिश्रा, राजेश कुशवाहा, अमूल सिंह, विष्णुकांत तिवारी, ब्रिजेश जायसवाल, जय नारायण पांडे, दूधनाथ यादव, सुशील शाही और राम विलास यादव मौजूद रहे।

खंड विकास अधिकारी यशवंत कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी अमित सिंह सहित आंगनवाड़ी विभाग से मुन्नी सिंह, अवधेश कुमार दूबे, अनवारून निशा, गीता देवी, रतना जायसवाल, अनुराधा चौरसिया, गीतम चौधरी, रिंकू सिंह और सुमन श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों के सेवा कार्यों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ और सक्षम बचपन तैयार करने में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Read More

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें