देवरिया

देवरिया में 480 पेटी अवैध शराब बरामद, बिहार तस्करी के लिए जा रहे ट्रक समेत दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

मेहरौना चेक पोस्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4532 लीटर शराब जब्त

देवरिया के मेहरौना चेक पोस्ट पर लार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार ले जाई जा रही 480 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर से भरे ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार कर 4532 लीटर शराब बरामद की है। यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

रिपोर्ट: इरफान अली लारी

देवरिया. उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लार थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मेहरौना चेक पोस्ट पर की गई सघन वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बिहार ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से कुल 480 पेटी अवैध शराब एवं बीयर बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण एवं अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में थाना लार पुलिस टीम को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, बुधवार को मेहरौना चेक पोस्ट पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और संदिग्ध ट्रक संख्या JH 02AN 4212 को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। ट्रक के भीतर अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर की कुल 480 पेटियां लदी हुई थीं। बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 4532 लीटर बताई जा रही है।

विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर बरामद

पुलिस द्वारा बरामद की गई शराब में कई प्रमुख ब्रांड शामिल हैं। इनमें 78 पेटी रॉयल स्टैग 375 एमएल, 38 पेटी रॉयल स्टैग 180 एमएल, 10 पेटी इम्पीरियल ब्लू 750 एमएल, 19 पेटी इम्पीरियल ब्लू 375 एमएल, 73 पेटी इम्पीरियल ब्लू 180 एमएल, 38 पेटी मैकडॉवेल 750 एमएल, 85 पेटी मैकडॉवेल 375 एमएल, 49 पेटी मैकडॉवेल 180 एमएल तथा 90 पेटी ट्यूबर्ग बीयर 500 एमएल शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि यह खेप बिहार में खपाने के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। गौरतलब है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण वहां अवैध शराब तस्करी के प्रयास लगातार सामने आते रहते हैं।

दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक में सवार दो व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के केन्द्रापरा जनपद निवासी शेख खालिद (29 वर्ष) तथा झारखंड के चतरा जनपद निवासी शोएब खान (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बिहार के गया जिले में रह रहा था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना लार में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बरामद ट्रक को भी कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस टीम की सक्रियता से मिली सफलता

इस पूरी कार्रवाई में थाना लार के उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक कमलेश यादव, हेड कांस्टेबल राजकुमार यादव, नागेन्द्र भारद्वाज, प्रदीप कुमार सौरभ, कांस्टेबल प्रकाशपति गौतम तथा आरक्षी राहुल भास्कर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button